जयपुर।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर तंज कसा है। गहलोत ने कहा कि सचिन पायलट की दोनों टांगें कांग्रेस में हैं और मुझे उम्मीद है कि वो अब हमें छोड़कर नहीं जाएंगे।
जयपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट बहुरूपिया बताए जाने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने कहा कि उनकी (सचिन पायलट) उनकी दोनों टांगें कांग्रेस में हैं और आगे भी कांग्रेस में ही रहेंगी। जो लोग पहले हमारे लोगों को गुमराह कर मानेसर ले गए थे, अब वे स्वयं लौटकर आएंगे। गहलोत ने कहा कि सचिन पायलट को अब यह अनुभव हो गया है कि इस प्रकार की गलतियों के क्या परिणाम होते हैं। इसलिए अब वे समझ भी गए हैं और संभल भी गए हैं। गहलोत ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि अब वे हमें छोड़कर कभी नहीं जाएंगे। हमारी पूरी पार्टी उनके साथ एकजुट है।
राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहनदास अग्रवाल ने सचिन पायलट को लेकर कहा था कि टोंक का विधायक बहरूपिया है। उसकी एक टांग टोंक में रहती है एक पता नहीं कहां रहती है, इसीलिए हम टोंक में सभा करके यहां की चारों सीटें जीतेंगे।
